विपक्षी दलों ने लिया देश की साझी विरासत बचाने का संकल्प

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 सितम्बर 2017, 4:54 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से आयोजित साझी विरासत बचाओ सम्मेलन में 15 विपक्षी दलों के नेताओं ने एक स्वर में देश की साझी विरासत को बचाने का संकल्प लिया। सभी का कहना था कि देश की साझी विरासत यहां का संविधान है। कुछ लोग इसे बदलने की कोशिश कर रहे हैॆं जो नहीं होने दिया जाएगा।
जयपुर के बिड़ला सभागार में आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा, माकपा के सीताराम येचुरी, भाकपा के अतुल कुमार अंजान, जेडीयू के शरद यादव, लोकदल के जयंत चौधरी, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट समेत कई लोग शामिल थे।
कांग्रेस नेता और सांसद आनंद शर्मा ने कहा कि देश का संविधान भारत की आत्मा और संस्कृति की सोच है। लोग अब संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। उसे चुनौती दी जा रही है जो नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को तोड़ कर रख दिया है। जीडीपी 2 प्रतिशत कम हो गई है। यह बात देश के पूर्व प्रधानमंत्री और अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह ने जब संसद में कहीं थी तो उनका मजाक उड़ाया गया था। हमारी संस्कृति में बुजुर्गों की बात सुनी जाती है। उनका मजाक नहीं उडाया जाता। असंगठित क्षेत्र में करोड़ों लोग बेरोजगारी का शिकार हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता के साथ धोखा किया है। भारत की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाई है। देश छल से नहीं सही सोच और सही विचार से चलता है।
जनता दल यूनाइटेड के नेता शरद यादव का कहना था कि जो लोग आज सत्ता में बैठे है उन्हें सिर्फ 31 फीसदी वोट मिला है बाकी 69 प्रतिशत वोट विपक्ष में बैठे लोगों को मिला है। समस्या यह है कि विपक्ष बिखरा हुआ है। यादव ने कहा कि नोटबंदी के बाद किसान और मजदूरों की हालत खराब है। नोटबंदी ने देश को तबाह कर दिया। इसके बाद जीएसटी ने व्यापारियों की हालत खराब कर दी। इस समय सबसे ज्यादा जरूरत साझी विरासत को बचाने की है जो हमारा संविधान है। गौरक्षकों के नाम पर हत्याएं मारपीट हो रही है। पीएम मोदी खुद कह रहे हैं गौरक्षकों के नाम पर असामाजिक तत्व आ गए हैं। इनसे निजात कौन दिलाएगा जबकि देश के 17 राज्यों में भाजपा की सरकार है। धर्म को राजनीति से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। धर्म को राजनीति से जोड़ा गया जो देश में सीरिया, पाकिस्तान और इराक जैसे हालात हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

माकपा के नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि आज भारत को बचाना है। भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है जिसे फासीवाद, कट्टरवाद की तरफ ले जाने की कोशिश की जा रही है जो कभी सफल नहीं होने दी जाएगी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता और सांसद अतुल कुमार अंजान, लोकदल के जयंत चौधरी ने साझी विरासत को बचाने की बात कही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि आज भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत की बात कर रही हैं जो कभी नहीं हो सकता। राजीव गांधी के समय लोकसभा में भाजपा के दो सांसद थे लेकिन उन्होंने कभी एेसी बात नहीं की। भाजपा के जाने का समय आ गया है जिसकी शुरूआत राजस्थान से होगी।

ये भी पढ़ें - गजब का टैलेंट, पैरों से पत्थर तराश बना देते हैं मूर्तियां