नेपाल के सौराहा में बाढ़ का कहर, 200 भारतीयों समेत 600 पर्यटक फंसे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 13 अगस्त 2017, 7:18 PM (IST)

चितवन। नेपाल के चितवन जिले के सौराहा इलाके में बाढ़ के कारण करीब छह सौ पर्यटक फंसे हुए हैं। इनमें 200 भारतीय शामिल हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सौराहा के क्षेत्रीय होटल संघ के अध्यक्ष सुमन घिमिरे के हवाले से समाचार पत्र हिमालयन टाइम्स ने बताया कि इस पर्यटक स्थल पर राप्ती और बूढ़ी राप्ती नदियों का पानी कई होटलों में घुस गया है। इन होटलों में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित जगह तक ले जाने में हाथियों की भी मदद ली जा रही है।

जिले के मुख्य अधिकारी और नेपाल पर्यटन बोर्ड को हालात की जानकारी देकर इन फंसे लोगों को निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया है। फंसे पर्यटकों में 200 नेपाली और 200 अन्य देशों के हैं। जिले के मुख्य अधिकारी नारायण प्रसाद भट्ट ने कहा कि पर्यटकों को सुरक्षित स्थान तक ले जाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। पास के देवघाट इलाके से भी बचाव अभियान में मदद मांगी गई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

नेपाल में भारी बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कइयों ने धारा बदल दी है जिससे मकान और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। राजमार्ग और पुलों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राहत एवं बचाव में सेना समेत अन्य सुरक्षा बलों को लगाया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि देश में अगले कुछ दिनों तक सामान्य से भारी बारिश होती रहेगी।

ये भी पढ़ें - यहां पति के जिंदा रहते महिलाएं हो जाती हैं विधवा