हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी, तंवर ने हुड्‌डा पर साधा निशाना

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 13 अगस्त 2017, 4:12 PM (IST)

रोहतक। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने अप्रत्यक्ष तौर पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा है। तंवर ने कहा कि उन्हें अध्यक्ष न मानने वालों को कौन मान रहा है।आने वाले समय में प्रदेश की जनता भी उन्हें नहीं मानेगी। उन्होंने कहा कि लगता है बराला सिंड्रोम उनके दिमाग में चला गया होगा, इसलिए जो गलतफहमी में हैं, वे गलतफहमी निकाल दें।

दरअसल पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक दिन पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सवाल पर कहा था कि कांग्रेस में पदाधिकारी तो आते-जाते रहते है। बता दें कि हुड्डा से हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी और अशोक तंवर से संबंधित सवाल किया गया था।

इसी पर अशोक तंवर की प्रतिक्रिया आई है। वे रविवार को रोहतक में थे। उन्होंने यहां एक समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में तंवर ने खुद के दोबारा प्रदेशाध्यक्ष के सवाल पर कहा कि मजबूती से जनता की आवाज उठाई और विपक्ष की भूमिका अदा की, नेतृत्व को सब बातों का पता है। प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को अशोक तंवर ने सिरे से नकार दिया। वहीं कहा कि आगामी दो माह में प्रदेश में हर स्तर पर पदाधिकारी नियुक्त कर दिए जाएंगे।

वर्णिका छेड़छाड़ मामले में अशोक तंवर ने कहा कि यह बेशर्मों के लिए बेशर्मों के द्वारा सरकार चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्णिका को तब तक न्याय नहीं मिलेगा। जब तक सुभाष बराला प्रदेशाध्यक्ष पद पर है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ को नारा देने वाली सरकार अब बेटे को बचाने में लगी है। बेटा भाजपा का है, इसलिए हरियाणा और केंद्र सरकार का चंडीगढ़ प्रशासन पर पूरा दबाव है। उन्होंने कहा कि सुभाष बराला को पहले दिन ही नैतिकता के आधार पर प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था। अन्यथा अब भाजपा को उन्हें अलग पटक देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बराला सिंड्रोम आ गया है कि किस तरह बड़े बाप का बेटा कांड कर बच निकलता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे