3 सितंबर से चरखी दादरी से करेंगे किसान पंचायत की शुरूआत

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 13 अगस्त 2017, 3:56 PM (IST)

रोहतक। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा 3 सितंबर से दोबारा किसान पंचायत की शुरूआत करेंगे। इस बार किसान पंचायत की शुरूआत के लिए उन्होंने चरखी दादरी को चुना है। यह जानकारी खुद हुड्डा ने शनिवार को यहां दी। वे प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरने का प्रयास किया।
पूर्व सीएम हुड्डा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि किसानों के कर्ज माफ किए जाएं। उन्होंने कहा कि जब महाराष्ट्र और यूपी सरकार कर्ज माफ कर सकती हैं तो हरियाणा सरकार क्यों नहीं। हरियाणा सरकार पर कर्ज के सवाल पर भी पूर्व सीएम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 1966 से 2014 तक हरियाणा पर 71 हजार करोड़ रूपए का कर्ज था, लेकिन भाजपा सरकार के अक्टूबर 2014 में सत्ता संभालते ही यह कर्ज बढ़कर अब पौने तीन साल में ही डेढ़ लाख करोड़ रूपए हो गया है।

पूर्व सीएम ने एक बार फिर एसवाईएल और चंडीगढ़ पर हरियाणा के हक की बात कही। हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी की बात को वे फिर नकार गए। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी तो आते-जाते रहते हैं। कांग्रेस में तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही नेता है।

वर्णिका कुंडू छेड़छाड़ मामले में हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बेटी को इंसाफ मिलना चाहिए। छेड़छाड़ मामले में सरकार पर कुछ सवाल उठे है। सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे