जयपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकली देश के स्वाभिमान की प्रतीक तिरंगा यात्रा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 13 अगस्त 2017, 12:35 PM (IST)

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी, जयपुर शहर द्वारा रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रम के अनुसार देश के स्वाभिमान के प्रतीक तिरंगा यात्रा का आयोजन शहर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में हुआ।

शहर भाजपा के अध्यक्ष संजय जैन के अनुसार तिरंगा यात्रा को लेकर पूरे शहर के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह था। पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ देश के आमजन को भी यह महसूस होने लगा है कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत पुन: विश्व गुरु कहलाने की ओर अग्रसर हो रहा है और देश का स्वाभिमान पूरी दुनिया में बढ़ रहा है। देश में राष्ट्रीयता की भावना को और प्रगाढ़ करने व देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के संकल्प के साथ आज शहर में हजारों कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

शहर महामंत्री राजकुमार रोहिल्ला के अनुसार शहर की आठ विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में शहर से सरकार में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी व शहर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र की यात्रा को सुबह 9 बजे दीनदयाल उपाध्याय सर्किल जनता कॉलोनी से झंडी दिखाकर रवाना किया एवं स्वयं भी यात्रा के साथ चले। एक और तिरंगा यात्रा को शाम 5 बजे शहर भाजपा अध्यक्ष संजय जैन ने प्रेम नगर पुलिया आगरा रोड से झंडी दिखाकर रवाना किया।

सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र की यात्रा प्रात: 9 बजे गुजर की थड़ी से पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री वी सतीश व सामाजिक न्याय मंत्री अरुण चतुर्वेदी एवं शहर अध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व में रवाना हुई व पूरे विधानसभा क्षेत्र में होते हुए कांवटिया सर्किल पर सम्पन्न हुई।
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र की तिरंगा यात्रा दोपहर 12:15 बजे के.एल. सैनी स्टेडियम मानसरोवर से सांसद रामचरण बोहरा व शहर अध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व मे शुरू हुई व पूरे क्षेत्र में होते हुए हल्दी घाटी मार्ग, प्रताप नगर पर जाकर सम्पन्न हुई।

हवामहल विधानसभा क्षेत्र की तिरंगा यात्रा प्रात: 9:30 बजे पानी की टंकी शास्त्री नगर से विधायक सुरेन्द्र पारीक के नेतृत्व में शुरू होकर पूरे क्षेत्र में होते हुए झूलेलाल मंदिर कंवर नगर पर जाकर सम्पन्न हुई। यात्रा में शहर अध्यक्ष संजय जैन, युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष रितेन्द्र सिंह परिहार व शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता मलिक ने भी भाग लिया। बगरू विधानसभा क्षेत्र की तिरंगा यात्रा प्रताप नगर सेक्टर 16 से प्रात: 9:30 बजे विधायक कैलाश वर्मा के नेतृत्व में शुरू होकर लूणियावास बालकनाथ जी के आश्रम पर सम्पन्न हुई। यात्रा में सांसद रामचरण बोहरा ने भी भाग लिया। किशनपोल विधानसभा क्षेत्र की यात्रा प्रात: 11 बजे हीदा की मोरी रामगंज बाजार से विधायक मोहन लाल गुप्ता के नेतृत्व में प्रारम्भ होकर पूरे क्षेत्र में होते हुए चांदपोल गेट पर जाकर सम्पन्न हुई। यात्रा में सांसद रामचरण बोहरा, शहर अध्यक्ष संजय जैन व उप-महापौर मनोज भारद्वाज ने भी भाग लिया। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र की यात्रा प्रात: 10 बजे भैंरू सिंह शेखावत समाधि स्थल से रवाना होकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में होते हुए खातीपुरा तिराहे पर सम्पन्न हुई।

सोमवार को निकलेगी यात्रा


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र की तिरंगा यात्रा सोमवार सुबह 7 बजे चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ के नेतृत्व में महात्मा ज्योतिराव फुले सर्किल, स्वेज फार्म से निकाली जाएगी एवं पूरे विधानसभा क्षेत्र में होती हुई राजापार्क में जाकर सम्पन्न होगी।


हेलमेट पहनकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ
पिछले साल के हेलमेट विवाद से बचते हुए इस बार तिरंगा यात्रा हेलमेट पहनकर निकाली गई। जी हां, केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने हेलमेट पहनकर बाइक चलाई और पीछे बैठे बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने हेलमेट पहनकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। यह तिरंगा यात्रा जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में जाएगी और जगह-जगह इस तिरंगा यात्रा का स्वागत होगा। आपको बता दे कि पिछले साल केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बिना हेलमेट पहने बाइक चलाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया था और इस बात की काफी आलोचना हुई थी।

ये भी पढ़ें - यहां दीपक की लौ के रूप में आकर स्थापित हुईं मां चामुंडा