खाना बनाते समय स्टोव फटा, महिला झुलसी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 12 अगस्त 2017, 9:07 PM (IST)

भरतपुर। जिले के भुसावर इलाके के मुंडायारा मोहल्ले में शनिवार शाम घर पर खाना बनाते समय स्टोव फटने से एक महिला झुलस गई। घटना में महिला के कपड़ों में आग लग गई। झुलसी अवस्था में महिला को कस्बा भुसावर के सरकारी अस्पताल लाया गया। उसे वहां से जयपुर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पर भुसावर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल कर्मियों से झुलसी महिला के बारे में जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार मुंडायारा निवासी सीमा पत्नी मुनेश घर पर शाम को अकेली खाना बना रही थी। अचानक स्टोव फटने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला के शोर मचाने पर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे और झुलसी महिला को सीएचसी भुसावर लाया गया। वहां से महिला को जयपुर रेफर कर दिया गया। घटना के समय महिला के परिजन खेतों पर गए थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे