उप राष्ट्रपति चुनाव: क्या वेंकैया नायडू होंगे राजग के उम्मीदवार? फैसला आज..

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 जुलाई 2017, 3:35 PM (IST)

नई दिल्ली। सत्तारूढ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर सोमवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू का नाम सबसे आगे उभर कर आया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय बोर्ड की सोमवार शाम को उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए बैठक होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाग लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर नायडू के नाम को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है।

इस पद के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव के नाम पर भी विचार हो रहा है। उप राष्ट्रपति का चुनाव 5 अगस्त को होना है। उप राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई है। उप राष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

ज्ञातव्य है कि आज बीजेपी की संसदीय दल की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के अलावा संसदीय दल के अन्य सदस्य हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस संसदीय दल की बैठक में उप राष्ष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के बारे में फैसला लिया जा सकता है।
आईएएनएस

ये भी पढ़ें - राजस्थान के इस पुल पर पैदल जाओगे तो पकड लेगी पुलिस!