सीएम राजे और परनामी ने की योग दिवस में सक्रिय भागीदारी की अपील

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 जून 2017, 2:05 PM (IST)

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून पर प्रदेशवासियों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए योग को अपनाने की अपील की है।
सीएम राजे ने अपने संदेश में कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहता है। योग से आंतरिक शुद्धता के साथ जीवन में अनुशासन भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का निर्णय लिया, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। आज दुनियाभर के लोग योग के महत्व को समझकर इसे अपना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा इस दिन प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के सभी नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सबके लिये गौरव का क्षण है कि योग की भारतीय विरासत को पूरे विश्व में प्रतिष्ठा मिली हैं। आज पूरे विश्व के नागरिक एक साथ योग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुये कहा कि उनकी मेहनत से भारत का गौरव पुनः स्थापित हुआ हैं।
परनामी ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच अंर्तसंबंध स्थापित करता हैं। यह पूरी तरह वैज्ञानिक प्रक्रिया हैं। यह धर्म, जाति और समुदाय की सीमाओं से परे हैं। योग से मन को शांति और शरीर स्वस्थ रहता हैं साथ ही सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती हैं। योग एक जीवन पद्धति हैं। सब लोग योग के लिये समय निकालें। उन्होंने युवा वर्ग का आह्यन किया कि प्रतिदिन योग करने का संकल्प लें और निरोगी रहें। उन्होने प्रदेश के सभी नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग करने का आग्रह किया हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे