धर्मनगरी घूमने के लिए दो घंटे फ्री में मिलेगी साईकिल, कार्ड बनेंगे

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 14 जून 2017, 10:17 PM (IST)

कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए दो घंटे के लिए बिना शुल्क साइकिल उपलब्ध होगी। शहर के लोगों को जहां इसके लिए स्थायी विशेष कार्ड बनवाना होगा, वहीं पर्यटकों पहचान पत्र लेकर अस्थायी कार्ड बनाया जाएगा।

राज्यमंत्री कंबोज ने कहा कि आज मनुष्य को स्वस्थ रहने के लिए साइकिल चलाना जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान रखते हुए स्वर्ण जयंती सांझी साइकिल योजना शुरू की गई है। इससे पहले राज्यमंत्री कर्णदेव काम्बोज, विधायक सुभाष सुधा, विधायक डॉ. पवन सैनी, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, जिप चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर सांझी साइकिल योजना का फार्म भी भरा।

सुविधा केंद्र पर बनेंगे कार्ड

साइकिल लेने के लिए बनने वाले कार्ड ई-दिशा केंद्र व सभी सीएससी केंद्रों पर बनाए जाएंगे। इसके लिए आधार कार्ड की प्रति और मोबाइल नंबर देना होगा। यात्री को साइकिल के साथ हेल्मेट भी उपलब्ध कराया जाएगा।

दो घंटे के लिए मिलेगी नि:शुल्क साइकिल

उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि दो घंटे तक के लिए साइकिल का कोई भी किराया नहीं लिया जाएगा। दो घंटे के पश्चात 5 रुपये प्रति घंटा की दर से किराया लिया जाएगा। इसके लिए नियमित रूप से साइकिल वॉलेट का रिचार्ज कराना होगा। जिस हालत में साइकिल दी जाएगी, उसी हालत में वापस करनी होगी। इस साइकिल में जीपीएस सिस्टम भी लगाया जाएगा। शहर के प्रमुख स्थानों पर स्टैंड बनाया जाएगा जहां साइकिल उपलब्ध होंगी।

इन संस्थानों ने उपलब्ध कराई साइकिल

स्वर्ण जयंती सांझी साइकिल योजना के लिए कुरुक्षेत्र से सैमसन पेपर मिल, लायंस क्लब, स्थाणु सेवा मंडल, शिव शक्ति सेवा मंडल, श्री ब्राह्मणों तीर्थोद्धार सभा, डॉ. सुरेन्द्र मेहता, डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. हिमांशु आनंद, नगर पालिका पिहोवा के चेयरमैन अशोक सिंगला, विज्डम वल्र्ड स्कूल की निदेशिका अनीता रावल, ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट से ओपी गुलयानी, अनाज मंडी लाडवा, लायंस व रोटरी क्लब लाडवा ने साइकिल मुहैया कराई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे