कश्मीर समस्या के लिए कांग्रेस जिम्मेदार - अमित शाह

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 20 मई 2017, 7:18 PM (IST)

चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि कश्मीर समस्या कांग्रेस पार्टी की देन है। कश्मीर के मुद्दे को लेकर सरकार पूरी तरह से गंभीर है। कश्मीर में पिछले कई दशकों के दौरान हालात बिगड़ते रहे हैं लेकिन उन्हें नियंत्रित कर लिया गया है। बहुत जल्द इस मामले में सार्थक परिणाम देश की जनता के सामने होंगे।
अमित शाह चंडीगढ़ दौरे के दौरान चंडीगढ़ प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने देश में जो योजनाएं लागू की है उसका समूचे देश को एक समान लाभ मिला है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद चंडीगढ़ नगर निगम से लेकर आज तक हुए चुनावों में भाजपा की वोट प्रतिशत्ता में लगातार वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार के समय में देश की जो अर्थव्यवस्था गिर रही थी वह एनडीए सरकार के कार्यकाल में लगातार बढ़ रही है। मोदी सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान भाजपा सरकार ने जहां दो करोड़ से अधिक लोगों के घरों में गैस पहुंचाई है वहीं 28 करोड़ से अधिक लोगों के बैंक खाते खुलवाए हैं।
उन्होंने सर्जिकल स्ट्राईक तथा नोटबंदी को सरकार के साहसिक फैसले करार देते हुए कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अब तक देश में चार करोड़ से अधिक घरों में शौचाल्यों का निर्माण किया जा चुका है। एक सवाल के जवाब में अमित शाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अदालत में भारत के वकील हरीश साल्वे ने कुलभूषण जाधव का पक्ष बेहद मजबूती के साथ रखा है। भविष्य में भी अगर कोई जरूरत पड़ी तो सरकार इस मुद्दे पर भारत अगली लड़ाई लडऩे के लिए तैयार है।
इससे पहले प्रेस क्लब पहुंचने पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष जसवंत राणा और महासचिव बीरेंद्र सिंह रावत ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर पार्टी उपाध्यक्ष एवं चंडीगढ़ प्रभारी प्रभात झा, महामंत्री डॉ.अनिल जैन, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद सुधा यादव, चंडीगढ़ के अध्यक्ष संजय टंडन, चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर, महासचिव चंद्रशेखर, मीडिया विंग के प्रभारी रविंद्र पठानिया समेत कई नेता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे