टी-20 ग्लोबल डेस्टीनेसन लीग में स्टेन मार्की खिलाड़ी नहीं

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017, 9:26 PM (IST)

जोहांसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका की टी-20 ग्लोबल डेस्टीनेशन लीग के लिए क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) द्वारा चुने गए आठ मार्की खिलाडिय़ों की सूची में दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन का नाम नहीं है। यह आठ खिलाड़ी लीग के शुरुआती दो चरणों तक मार्की खिलाड़ी रहेंगे। स्टेन को छोडक़र इस सूची में अब्रहाम डिविलियर्स, फाफ डू प्लेसिस, डेविड मिलर, कागिसो रबाडा, इमरान ताहिर, क्विंटन डी कॉक और ज्यां पॉल ड्यूमिनी शामिल हैं। यह आठों खिलाड़ी आठ अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के साथ जुड़ेंगे।

सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोर्गाट ने कहा, ‘‘हमारे दक्षिण अफ्रीकी खिलाडिय़ों का चयन करना उत्साहित करने वाला था। जब हम प्रशंसकों से हर प्रेंचाइजी टीम को ‘होमटाउन हीरो’ चुनने को कहेंगे तो यह और भी रोमांचक होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने खिलाडिय़ों की विश्व स्तरीय पहचान को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विश्व स्तर पर उनका काफी नाम है। हमारे दक्षिण अफ्रीका के प्रशंसकों को इन्हें एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हुए देखने का यह अच्छा मौका है।’’



अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले सप्ताह जारी की गई मार्की खिलाडिय़ों की सूची के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी अपनी टीम को और मजबूत करेंगे।’’ इस पर दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट और टी-20 टीम के कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने कहा, ‘‘आठ मार्की खिलाडिय़ों में चुने जाना अच्छा अहसास है। यह विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों में शामिल हैं।’’ हर फ्रेंचाइजी को दक्षिण अफ्रीका के मार्की खिलाड़ी के अलावा एक अंतर्राष्ट्रीय मार्की खिलाड़ी भी दिया जाएगा। हर फ्रेंचाइजी की 17 सदस्यीय टीम में कुल दो मार्की खिलाड़ी होंगे।

बाकी खिलाड़ी टीम के मालिक और कोच द्वारा खिलाडिय़ों के ड्राफ्ट में से चुने जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय मार्की खिलाडिय़ों में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, ड्वायन ब्रावो, केरन पोलार्ड, इंग्लैंड के इयोन मोर्गन, केविन पीटरसन और जेसन रॉय, श्रीलंका के लसिथ मलिंगा और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैक्लम शामिल हैं।

एंड्रयू टाई ने इस मामले में की अमित मिश्रा की बराबरी, ये हैं टॉप-10