टूटी सड़कों पर चलना दूभर,प्रायः होते रहते हैं हादसे

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 21 मार्च 2017, 3:24 PM (IST)

जंघई, जौनपुर। तीन जिलों को संपर्क मार्ग से जोड़ने वाला जंघई क्षेत्र अपनी बदहाली के लिए आँसू बहा रहा है।जौनपुर इलाहाबाद एवं भदोही जनपद के बॉर्डर पर बसे इस क्षेत्र में विकाश की किरणें पहुचते पहुँचते दम तोड़ देती हैं।जनप्रतिनिधियों का आश्वासन हवा हवाई एवं कोरे साबित हो चुके हैं।
मूलभूत सुविधाओं में सड़क की स्थिति बेहद दयनीय है।बॉर्डर के इलाहाबाद जिले में जंघई स्टेशन से वारी तक दो पहिया चार पहिया वाहन से यात्रा करना,खुद की जान जोखिम में डालना जैसा हो गया है।ऐसा लगता है मानो सड़क पर गड्ढे नहीं ,गड्ढे में ही सड़क बनी है।9 किलोमीटर दुरी तय करने में बाइक से एक घंटे लग जाते हैं। यह स्थिति लम्बे समय से बनी हुई है। जबकि जंघई क्षेत्र के दर्जनों गाँवों के लोगों को तहसील हंडिया जाने के लिए वारी हो कर जाना पड़ता है।
प्रतापपुर की लगातार दो बार विधायक रहीं विजमा यादव ने क्षेत्र वासियों को सड़क बनवा देने की 10 वर्ष घुट्टी ही पिलाती रह गईं।विधान सभा चुनाव के चार माह पूर्व क्षेत्र के लोगों ने बी जे पी सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त से जंघई से वारी तक मार्ग निर्माण की गुहार लगाई तो चुनावी फायदे को देखते हुए उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाने के लिए बाकायदे इस मार्ग को शीघ्र ही बनवाने के लिए जनता के बीच आकर घोषणा भी की।किन्तु आज तक उनकी घोषणा भी जमीनी हकीकत में नहीं बदल सकी।लोगों का विश्वास जनप्रतिनिधियों से उठता जा रहा है।
इस बार जनता ने प्रतापपुर से विधायक बनाकर बसपा के मुस्तफा सिद्दीकी को विधान सभा भेजा है। लोगों को उनकी पारी का इन्तजार बेसब्री से है।जनता के लिए सिद्दीकी भी कुछ कर गुजरेंगे या केवल बैट पकडे 5 वर्ष बीता कर पवेलियन लौट जाएंगे अभी से यह कहना कठिन है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे