आरटीओ मार्ग को बनाया जाय मॉडल सड़क : मंडलायुक्त

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 21 मार्च 2017, 1:57 PM (IST)


कानपुर। शहर में सड़कों की स्थिति खस्ताहाल है और उन्हें जल्द से जल्द सही कराया जाय। इसके साथ आरटीओ मार्ग को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाय। इसके लिए इस मार्ग पर आने वाले कार्यालय खुद अपने यहां आने वाले वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करें। यह बात मंडलायुक्त मो. इफ्तिखारूद्दीन ने यातायात समस्या निदान की बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि सर्वोदय नगर स्थित आरटीओ मार्ग की सड़क को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाय और वह भी जल्दी। इस मार्ग पर जो भी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालय है उनको निर्देशित किया जाय कि वह उनके कार्यालय में आने वाले वाहनों के लिए अपने स्थानों पर ही पार्किंग बनवाये। इसके अलावा आरटीओ को भी निर्देशित किया कि उनके कार्यालय में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था स्वयं करे। सड़क के किनारे बाउंड्रीवाल को पीछे की तरफ ले जाय और खाली हुए स्थान पर ही वाहनों को खड़े कराये। वहां पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था हो जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम की है वह भी 31 मार्च तक पूरा करे। कहा कि यातायात समस्या एक बड़ी समस्या है इसे हर हाल में ठीक करना है। यदि सख्ती की आवश्यकता हो तो सख्ती भी की जाय। कानून का हर स्थिति में कड़ाई से पालन कराया जाय। इस दौरान एसपी ट्रैफिक सर्वानंद सिंह यादव, जीएम जल कल, आरटीओ, पीडब्ल्यूडी अधिशाषी अभियंता, समन्वयक नीरज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहें।


केन्द्र सरकार को करना है रिपोर्ट
मंडलायुक्त ने कहा कि केन्द्र सरकार ने शहर में एक आदर्श सड़क बनाने का आदेश दिया है। जिसके चलते आरटीओ मार्ग का चयन किया गया है। इस सड़क के दोनों किनारों पर फूल लगाने वाली क्यारी अवश्य बनायी जाये। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को भी निर्देशित किया कि इस मामले में जल्द ही डीएम कौशल राज शर्मा को नाम सुझाये। जिसकी रिपोर्ट भी केन्द्र सरकार को भेजी जानी है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे