बेंगलुरू में और एक लडकी से सडक पर छेडछाड व बेहूदगी का वीडियो

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 04 जनवरी 2017, 11:24 AM (IST)

बेंगलुरु। फिर वही शहर, उसी तरह की वारदात। बेंगलुरू से समाज को शर्मसार करने वाला और एक वीडियो सामने आया है। पहले वाला वीडियो नए साल के मौके पर लडकियों और महिलाओं से व्यस्त बाजारों में सामूहिक छेडछाड का था लेकिन अब ऎसा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो आधी रात बाद का है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि अपने घर से महज कुछ ही दूरी पर जब लडकी रात में सडक पर अकेली घर की ओर बढ रही थी तो दो लडके स्कूटर से उसके पीछे से आते हैं और आगे आकर रूक जाते हैं। लडकी को कुछ शक होता है और वह तेजी से निकलने की कोशिश करती है लेकिन स्कूटर सवार एक शख्स उतरकर उसके आगे खडा हो जाता है। फिर जो हुआ वह अत्यंत ही निंदनीय है। लडके ने लडकी से बेहूदगी से छेडखानी करने के बाद उसे सडक पर धकेल दिया और फिर दोनों लडके स्कूटर में भाग निकले।

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला बचाव की पूरी कोशिश करती है और आरोपी को थप्पड मारती है। यह घटना रात करीब 2.30 बजे की है और पूरी वारदात एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसी घर के मालिक ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस और मीडिया को इसकी जानकारी दी।

इस घटना में अचरज की बात ये है कि कुछ दूरी पर कुछ और लोग खडे थे लेकिन उनमें से कोई भी लडकी की मदद के लिए आगे नहीं आया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त हेमंत निमबाल्कर ने बताया,हमने एक शख्स द्वारा दिए गए वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस वीडियो में रविवार (नववर्ष) तडके लगभग 2.41 बजे कमानहल्ली में दो लोग एक महिला के साथ छेडछाड करते देखे जा सकते हैं। घटना की जांच और जल्द से जल्द अपराधियों को पकडने के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया है। हम पीडिता को उस क्षेत्र में ढूंढने और उसका बयान दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं।

बता दें,31 दिसंबर की रात शहर के प्रमुख इलाके एमजी रोड व ब्रिगेड रोड पर भीड का फायदा उठा कई लडकियों और महिलाओं से सामूहिक छेडछाड हुई थी। मामले में पुलिस ने ‘ठोस’ सबूत मिलने का दावा किया है। पुलिस ने मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि उन्होंने एमजी रोड पर लगे 45 सीसीटीवी कैमरों में दर्ज वीडियो की जांच की है। इन वीडियो से काफी कुछ निकलकर सामने आ सकता है।

पीड़ित लड़की ने आपबीती बताई...
बता दे कि बेंगलुरु में हुए वारदात पर पूरे देश से तीखी प्रतिक्रिया आयी थी। इसका कारण यह है कि पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस बीच एक पीड़ित लड़की ने बेंगलुरु मिरर को अपनी आपबीती बताई, जिसे पढ़कर यह यकीन करना मुश्किल होगा कि हम इक्कीसवीं सदी में जी रहे हैं।

[@ ये कैसा मंगेतर! जीजा और दोस्तों के हवाले की पत्नी]

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 31 दिसंबर की रात शहर के पॉश इलाकों में कुछ अराजक तत्वों ने कुछ ऐसा किया कि पूरा शहर शर्मसार हो गया। अराजक तत्वों ने न केवल महिलाओं के साथ शारीरिक अभद्रता की, बल्कि उनपर अश्लील कमेंट भी पास किया। एमजी रोड और ब्रिगेड रोड पर बहुत सारी महिलाएं इस प्रकार के वारदात का शिकार हुईं।
खबरों के अनुसार यह भी दावा किया जा रहा है कि अराजक तत्वों ने पुलिस की मौजूदगी में वारदात को अंजाम दिया। पीडित एक आईटी प्रोफेशनल है व अपना नाम जाहिर हाने से नहीं डरती। उसने बताया कि हम नया साल मनाने निकले थे लेकिन भीड में मुझे गलत तरीके से पकड़ा गया, जकड़ा गया।


[@ 13वीं से पहले घर लौटा ‘मृत’ पति, खुल गई पत्नी की बेवफाई की पोल]

उस चलती भीड़ में किसी एक शख्स को पकड़ना नामुमकिन था। वहां तमाम लड़कियां थी जो मेरे ही जैसे हालात का सामना कर रहीं थी। मैंने उनमें से कुछ को रोते हुए और मदद के लिए दौड़ते हुए देखा। यह निरर्थक था। पुलिसवालों की तादाद अच्छी खासी थी, 20-25 लोगों पर एक पुलिसवाले थे। डर का माहौल था, महिलाएं या तो चिंतित थीं या फिर दहशत में थी। यह वास्तव में भीड़ द्वारा छेड़खानी थी। काश पुलिस ने हालात को बेहतर तरीके से हैंडल किया होता।

मैंने पुलिस से भविष्य में ऐसे हालात के लिए तैयार रहने का आग्रह किया। अगर आप सीसीटीवी तस्वीरों को देख सकें तो इन लोगों को पकड़िए और मेरी जैसी महिलाओं के साथ इंसाफ कीजिए जो इस तरह की मानसिक पीड़ा से गुजर रही हैं। मैं भी अपने दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाना चाह रही थी, ठीक उसी तरह जैसे वहां सभी पुरुष पहुंचे थे। उन लोगों (पुलिस) ने मुझसे कहा कि लड़कियों को ऐसी जगहों पर नहीं जाना चाहिए। इसलिए क्या यह हमारे लिए कभी भी सुरक्षित होगा।

मैंने अपनी पहचान जाहिर करने का फैसला किया क्योंकि मैंने कुछ गलत नहीं किया था। मुझे डर महसूस हो रहा है, मैं सोचती हूं कि मुझे कोई इस तरह कैसे छू सकता है जैसे कि मैं कोई सार्वजनिक संपत्ति हूं और ऐसा करने के बाद वह भाग जाए। मुझे सदमा लगा कि ऐसी घटनाओं के बाद भी कहीं भी कोई रिपोर्ट नहीं थी। क्या रेप होगा तभी कोई ध्यान देगा? यही वजह है कि मैंने बोलने का फैसला किया।

[@ ड्रेस पसंद नहीं आई तो पति ने चबाई पत्नी की नाक ]