इरोम शर्मिला ने बनाई नई पार्टी "प्रजा"

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016, 8:05 PM (IST)

नई दिल्ली। मणिपुर की सामाजिक कार्यकर्ता इरोम शर्मिला ने मंगलवार को नई राजनैतिक पार्टी लॉन्च कर दी है, जिसका नाम प्रजा यानी पीपल्स रीसर्जेन्स एंड जस्टिस एलायन्स रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अगले साल की शुरूआत में होने वाले मणिपुर विधानसभा चुनाव भी लडेंगी।

44-वर्षीय इरोम शर्मिला ने कहा कि उनकी पार्टी न्याय, समझदारी, प्रेम और शांति के मूल सिद्धांतों पर आधारित होगी। इरोम खुद दो विधानसभा सीटों थोउबल और खुरई से चुनाव लडेंगी, और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह मणिपुर की 60 में से 20 सीटों पर अपने प्रत्याशी खडे कर पाएंगी। थोउबल कांग्रेस नेता ओकरम इबोबी सिंह का विधानसभा क्षेत्र है, जो वर्ष 2002 से लगातार मणिपुर के मुख्यमंत्री हैं।

दो महीने पहले ही इरोम शर्मिला ने सेना के कथित अत्याचार के विरूद्ध 16 साल से जारी अपने अनशन को खत्म किया था, और प्रण लिया था कि वह अपने अभियान को जारी रखेंगी, और इबोबी सिंह का सामना करेंगी। उसके बाद वह दिल्ली आकर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल से भी मिली थीं, ताकि बडे राजनैतिक दलों को शिकस्त देने के बारे में सलाह ली जा सके। उनकी नई पार्टी की प्रतिज्ञा है कि प्रजा अफस्पा के खात्मे के लिए काम करती रहेगी और हर प्रकार की हिंसा तथा सैन्यीकरण के खिलाफ रूख अपनाएगी।