सहायक कर्मचारी हैं सरकारी मशीनरी की महत्वपूर्ण कड़ी - कृषि मंत्री

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016, 7:28 PM (IST)

जयपुर। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि सहायक कर्मचारी सरकारी मशीनरी की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में भारतीय प्रशासनिक अधिकारी से लेकर सहायक कर्मचारी एक टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं और प्रत्येक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सैनी सोमवार को सचिवालय में राजस्थान सचिवालय सहायक कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने राजस्थान सचिवालय सहायक कर्मचारी संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई दी और उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने पदाधिकारियों को कहा कि जिस पद की शपथ उन्होंने ली है, उसका संपादन ईमानदारी और सर्मपण से करें। उन्होंने कहा कि सहायक कर्मचारी संघ का अध्यक्ष महिला का बनना महिला सशक्तीकरण का बड़ा उदाहरण है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में राजस्थान सचिवालय सहायक कर्मचारी संघ के हुए चुनावों में श्रीमती सरोज सैनी अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुई हैं।