नकली सिक्कों की तीसरी फैक्टरी पकडी

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 8:44 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 10 रूपये के नकली सिक्के बनाने वाली एक फैक्टरी का पर्दाफाश कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान संजय शर्मा और सुनील कुमार के रूप में हुई है। इनसे दस रूपये के 800 नकली सिक्के बरामद हुए हैं। इस महीने में यह तीसरा मामला है, जब पुलिस ने नकली सिक्के बनाने वाली फैक्टरी पकडी है।

ज्वाइंट कमिश्नर रविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने नकली सिक्के बनाने वालों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग नकली सिक्कों के साथ रोहिणी सेक्टर-3 इलाके में रिंग रोड के पास आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने संजय और सुनील को दबोच लिया। सुनील से चार सौ और संजय से दो सौ नकली सिक्के बरामद हुए।

इसके बाद इनकी निशानदेही पर पुलिस ने पीरागढी स्थित फैक्टरी में छापा मार कर दो सौ और नकली सिक्के बरामद किए। साथ ही, भारी मात्रा में सिक्के बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल को भी बरामद किया गया। पुलिस की मानें तो दोनों आरोपी पहले पुलिस के हत्थे चढे नरेश कुमार मॉड्यूल का हिस्सा हैं। पुलिस के मुताबिक, नरेश के संपर्क में आने पर ही दोनों ने नकली सिक्के बनाने का काम शुरू किया था।