आतंक की फैक्ट्री बन चुके पाक पर राजनाथ का निशाना

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 7:01 PM (IST)

चंडीगढ़। जो लोग सांप पालते हैं। सांप उन्हीं को एक दिन डस लेता है। ये कहना है केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का। वे सोमवार को चंडीगढ़ में पीआईबी यानी पत्र सूचना कार्यालय के क्षेत्रीय संपादक सम्मेलन में शिरकत करने के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आतंक की फैक्ट्री बन चुके पाकिस्तान पर परोक्ष हमला बोलते हुए पाक से लगती अंतर्राष्ट्रीय सीमा को पूरी तरह सील करने की बात कही। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत दक्षिण एशिया का एक मात्र ऐसा देश है। जिसके साथ 6 अन्य देशों की सीमाएं लगती है। इसमें नेपाल की सीमा बिल्कुल शांत है। दूसरी सीमा बांग्लादेश और म्यांमार की है। जहां पर एक्टिविटी चलती रहती है। मगर पाकिस्तान और चीन के साथ लगती सीमा काफी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आतंकवाद का निर्यात करते हैं। उन्हें फलने-फूलने का अवसर प्रदान करते हैं। लेकिन फिर वे ही आतंक के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा करने में बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार से तो अच्छा रिस्पोंस मिलता है। मगर चीन और पाकिस्तान से सहयोग नहीं मिल रहा है। लेकिन अब सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित करने पर उनकी प्राथमिकता रहेगी।उन्होंने कहा कि मुंबई हमले के बाद देश की तटीय सुरक्षा को भी चाक चौबंद किया जा रहा है। पीओके में की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में गृहमंत्री ने कहा कि ये आतंकवाद के विरुद्ध एक कार्रवाई थी। ना कि पाकिस्तान के लोगों के खिलाफ। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती आर्थिक शक्ति बनता जा रहा है। लेकिन कुछ देशों को ये हजम नहीं हो रहा है। इसी कारण आज दुनिया में कुछ देश भारत की बुराई करने में लगे हैं और इनका सहयोग दे रहे हैं देश में बैठे कुछ नेता किस्म के लोग। इस समारोह में पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, चंडीगढ़ की सांसद श्रीमती किरण खेर और भारतीय सूचना ब्यूरो के निदेशक के साथ उत्तर व उत्तर पूर्वी राज्यों के लगभग 100 संपादक भाग ले रहे हैं।