स्वामी मोदी सरकार से खुश,जेटली से खफा

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 12:31 PM (IST)

नई दिल्ली। भाजपा के मुखर सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इस बार वित्तमंत्री अरुण जेटली को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि वह मोदी सरकार के काम से तो संतुष्ट हैं लेकिन वित्तमंत्री अरुण जेटली के काम से नहीं। स्वामी रविवार को इंडिया पॉलिटिकल सेंटर कॉन्क्लेव में आने वाले यूपी विधानसभा चुनाव पर बोल रहे थे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानते हैं कि जेटली से कैसे निपटा जाए।
अंग्रेजी अखबार ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ की खबर के मुताबिक, स्वामी से जब पूछा गया कि भारत टैक्स हैवेन देश है या नहीं, तो उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को देखते हुए आयकर विभाग को बंद कर देना चाहिए। सभी कर देने वालों को सडक़ निर्माण के काम में लगा देना चाहिए। सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे पर राजनीति किए जाने को लेकर स्वामी ने कहा कि लोगों तक यह मुद्दा लेकर जाने में कोई समस्या नहीं है।

अगर कांग्रेस 1971 के मुद्दे को लेकर राजनीति कर सकती है तो फिर हमारी सरकार क्यों नहीं। मोदी सरकार को भी अपने काम का बखान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान उठाया जाएगा।
समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर स्वामी ने कहा कि जब मुसलमानों को इस पर कोई ऐतराज नहीं तो फिर हम क्यों आपत्ति जताएं।

उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 14 सभी के लिए समान अधिकारों की वकालत करता है, लेकिन मुस्लिम महिलाओं को उनके अधिकार नहीं दिए जा रहे हैं। साथ ही स्वामी ने राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कोई भी पार्टी केवल विकास के मुद्दे पर चुनाव नहीं जीत सकती। अगर भाजपा राम मंदिर निर्माण पर लोगों को भरोसा दे तो उनकी उत्तर प्रदेश चुनाव में जीतने की संभावना बढ़ जाएगी।