UP:रीता बहुगुणा के कांग्रेस छोड भाजपा में जाने की अटकल

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 08:55 AM (IST)

नई दिल्ली/लखनऊ। कांग्रेस को उत्तर प्रदेश चुनावों से पहले ही जोर का झटका लग सकता है। यूपी में कांग्रेस का बडा चेहरा रीता बहुगुणा जोशी पार्टी छोड बीजेपी में शामिल हो सकती है। खबरों के अनुसार रीता बहुगुणा जोशी और उनका बेटा मयंक जोशी बीजेपी के संपर्क में है। हालांकि इस बारे में कांग्रेस या भाजपा ने कुछ भी साफ नहीं किया है।
बताया जा रहा है कि रीता अपने भाई और कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता विजय बहुगुणा के जरिए बीजेपी के संपर्क में हैं। दरअसल रीता बहुगुणा जोशी को लग रहा है कि वो यूपी में कांग्रेस की राजनीति में हाशिए पर चली गई हैं। पार्टी ने सीएम उम्मीदवार के तौर पर शीला दीक्षित को पहले ही उतार दिया है, इसके अलावा राज बब्बर के पास यूपी कांग्रेस की कमान है।

पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद खाट सभाएं, संदेश यात्रा और किसान यात्राएं करके पार्टी के प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में रीता बहुगुणा जोशी कहीं नहीं दिख रही हैं। हालांकि रीता बहुगुणा जोशी के पहले भी पार्टी छोडऩे की कई बार खबरें सोशल मीडिया में आ चुकी हैं। लेकिन, हर बार रीता बहुगुणा जोशी ने इनका खंडन किया था।
उनके समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलें भी लगाई गई थीं। लेकिन, इसके बाद इन खबरों पर विराम लग गया था। हालांकि, यूपी में राजनीति गरमाई हुई है और तोडफ़ोड़ भी काफी चल रही है। कांग्रेस ने हर तरह से यूपी में पूरा जोर लगाया हुआ है। अब देखना यह है कि रीता बहुगुणा क्या पार्टी छोड़ेंगी।

गौरतलब है कि रीता के भाई विजय बहुगुणा भी कांग्रेस से बगावत करने के बाद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। अब बड़ा सवाल ये है कि क्या वो अपनी बहन को भी बीजेपी में लाने में कामयाब होंगे।