मुंबई। कनाडा में रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री लीसा रे को फिल्मी दुनिया में वापसी की जल्दी नहीं है। वह कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और एक किताब लिखने के प्रति ज्यादा उत्सुक हैं। प्लाज्मा कोशिकाओं के एक दुर्लभ कैंसर के इलाज के बाद स्वस्थ जीवन जी रहीं लीसा कहती हैं कि वह आगे भी काम करती रहेंगी लेकिन यह अलग होगा। अ़डतीस वर्षीय लीसा ने एक ई-मेल साक्षात्कार में कहा, ""मेरी बीमारी "मल्टीपल माईलोमा" में सुधार हुआ है। हम यह नहीं कर सकते कि यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो गई है लेकिन हम नियमित रूप से इस पर नजर रखे हुए हैं और अब मैं स्वस्थ जीवन जी रही हूं।"" उन्होंने कहा, ""मैं सामान्य जीवन नहीं जी रही हूं लेकिन मैंने अपनी अंतर्दृष्टि और जीवनशैली में बदलावों के साथ एक असाधारण जीवन की ओर वापसी की है।"" लीसा को अपनी फिल्म "कुकिंग विद स्टेला" के प्रदर्शन का इंतजार है। वह वे काम करना चाहती हैं जिनमें उन्हें आनंद आए लेकिन वह जीवन अपनी ही शर्तो पर जीना चाहती हैं। वह कहती हैं, ""मुझे लगता है कि मैंने अपने करियर के लिए अपने जीवन में बहुत समझौते किए हैं.. कैंसर मेरे लिए एक चेतावनी है। मैं कैंसर के विषय में जागरूकता फैलाना पसंद करूंगी.. यह मेरे करियर का अभिन्न हिस्सा होगा। इसके साथ ही मैं एक किताब भी लिख रही हूं।"" लीसा ने फिलहाल फिल्मों के कोई नए प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए हैं लेकिन उन्हें पूरे उत्तर अमेरिका में वक्ता के बतौर आमंत्रित किया गया है और वह कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इस अवसर का इस्तेमाल करना चाहती हैं।
|