सोनीपत।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन ने कहा है कि
नगर निगम सोनीपत में शामिल हुए गांवों में रिहायशी मकानों के लिए नागरिकों
को हाउस टैक्स अदा नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार
स्तर पर फाइल चल रही है, जिसपर जल्द ही निर्णय आ जाएगा। रविवार
को रायपुर में नगर निगम में शामिल गांवों के नागरिकों की हाउस टैक्स के
संबंध में होने वाली बैठक से पूर्व एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री कविता जैन के
आवास पर पहुंचा। यहां नागरिकों ने प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन से
मुलाकात की। नागरिकों ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा हाल ही में निगम
में शामिल हुए गांवों में रिहायशी मकानों के लिए हाउस टैक्स अदा करने के
नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे नागरिकों में भारी रोष है। उनकी हाउस टैक्स
नहीं अदा करने की मांग पर सहमति जताते हुए भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि
निगम नियमित तौर पर अपने क्षेत्र में हाउस टैक्स के लिए सर्वे करवाता है।
इस बार भी उन्होंने सर्वे कराते हुए निगम में शामिल हुए गांवों के सभी
रिहायशी मकान मालिकों को नोटिस दे दिया है।
हरियाणा में गुरूग्राम और
करनाल में नगर निगम के गठन के बाद शामिल हुए गांवों के नागरिकों को हाउस
टैक्स अदा नहीं करने की छूट मिली थी। ऐसे में निगम सोनीपत में आए गांवों के
नागरिकों को भी हाउस टैक्स अदा नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों
को परेशान होने की जरूरत नहीं है। विभाग द्वारा सरकार स्तर पर इस संबंध में
फाइल चलाई गई है, जिसपर जल्द ही अनुमति मिलते ही नागरिकों की इस परेशानी
का समाधान कर दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव 2024 का पहला चरण - त्रिपुरा, सिक्किम में 80 फीसदी से ज्यादा मतदान, बिहार में 50 फीसदी से कम मतदान
राहुल की कप्तानी पारी, लखनऊ ने सीएसके को आठ विकेट से हराया
पहले चरण के बाद भाजपा का दावा : देश में पीएम मोदी की लहर, बढ़ेगा भाजपा की जीत का अंतर
Daily Horoscope