CP1 बेनी वर्मा के बिना मोल के बोल: कत्ल करके घर से भागे थे मोदी... - www.khaskhabar.com
  • Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia

बेनी वर्मा के बिना मोल के बोल: कत्ल करके घर से भागे थे मोदी...

published: 19-04-2014

लखनऊ। कांग्रेस नेता बेनी प्रसाद वर्मा फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने नरेंद्र मोदी को कातिल बताया है। कहा है कि मोदी 18 वर्ष की आयु में कत्ल करके घर से भागे थे। उनके खिलाफ अपराधों की लंबी फेहरिस्त है। बेनी ने कहा कि गुजरात के थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। जब वे मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने सारे मामले खत्म करवा दिए। इसी की परिणति 2002 के दंगे में देखने को मिली। उन्होंने खुलेआम कत्लेआम करवाया। उसके बाद 2006 तक फर्जी एनकाउंटर होते रहे। अपने आवास पर आईपीएन से बातचीत में बेनी यहीं नहीं रूके। उन्होंने अमित शाह को निशाने पर लिया और बताया कि गूगल पर सर्च करने पर उन्हें चार पन्ने की लंबी आपराधिक लिस्ट मिली है। उन्हें भाजपा ने उप्र का प्रभारी बना दिया है। इस चुनाव में भाजपा की कवायद साफ नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी तरह सत्ता में इसलिए आना चाहती है जिससे लालकृष्ण अडवाणी को बाबरी मस्जिद तुडवाने पर लगा आरोप हट जाए तो वहीं मोदी गोधरा मामले में बच जाएं। बेनी प्रसाद वर्मा की मानें तो गोधरा मामले में कोर्ट से मोदी को अब भी क्लीन चिट नहीं मिली है।  वर्मा ने कहा कि भाजपा को चुनाव प्रचार के लिए अडानी धन इसलिए उपलब्ध करा रहे हैं क्योकि मोदी अडानी को कश्मीर सौपना चाहते हैं।बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि देश के पूंजीपति भाजपा के नेताओं की सम्पत्ति बढ़ाने के लिए ब्लैकमनी दे रहे हैं। इनमें अडानी मुख्य फाइनेंसर है। भाजपा ने इसीलिए अपने घोषणापत्र में धारा 370 की समाप्ति की बात की क्योकि मोदी अडानी को कश्मीर की जमीन कौढ़ियों के दाम देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक गुजरात सरकार का प्रश्न है वहां मोरारजी देसाई ने नशाबंदी लागू कर दी थी किन्तु भाजपा राज में वहां हर तरह की शराब उपलब्ध है। वहां शराब की स्मगलिंग हो रही है और प्रतिमाह भाजपा को 100 करोड़ की आमदनी हो रही है। कांगेसी नेता ने कहा कि भाजपा ने अपना एजेंडा बदल दिया है। वर्ष 1996 में भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में राममंदिर का एजेंडा नहीं था। इस बार क्यों ? उन्होंने कहा कि पहले तो भाजपा कहती थी कि आपसी बातचीत या फिर न्यायालय के फैसले के बाद राममंदिर का निर्माण होगा किन्तु इस बार संविधान के दायरे में राममंदिर निर्माण की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि 96 में संसद में विश्वासमत प्राप्त करने के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने राम मंदिर,धारा 370 और समान आचार संहिता को ठंडे बस्ते में डालने को कहा था। किन्तु इस बार ऐसा नही है। भाजपा ने अपनी बोली बदल ली है। इस पार्टी ने अपने एजेंडे में हिन्दू मुस्लिम के बीच दरार डालने का काम किया है। वाइको जिस पर देशद्रोह का आरोप है भाजपा ने उससे गठबंधन कर लिया है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि अयोध्या में मस्जिद विध्वंस के बाद से आतंकवादी घटनाओं में वृद्धि हुई और गोधरा काण्ड के बाद तो इसकी इंतिहा हो गई। ध्यान देने वाली बात है कि अयोध्या कांड के समय मुख्यमंत्री कल्याणसिंह थे और गोधरा कांड के समय नरेन्द्र मोदी थे अर्थात दोनों ही समय भाजपा की सरकारें थी। बेनी ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि जो मुसलमानों का जितना बड़ा दुश्मन वह भाजपा का बडा नेता बन जाता है।

English Summary: beni barks, modi fled from home after committing murder
Khaskhabar.com Facebook Page:

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

Copyright © 2024 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved