CP1 भाजपा दफ्तर लाया गया मुंडे का पार्थिव शरीर, राहुल ने दी श्रद्धांजलि - www.khaskhabar.com
  • Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia

भाजपा दफ्तर लाया गया मुंडे का पार्थिव शरीर, राहुल ने दी श्रद्धांजलि

published: 03-06-2014

नई दिल्ली। ग्रामीण विकास मंत्री और महाराष्ट्र में भाजपा के अन्य पिछडा वर्ग (ओबीसी) के चेहरा रहे गोपीनाथ मुंडे का सोमवार सुबह सडक दुर्घटना में निधन हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, अंदरूनी चोट से मुंडे का लीवर पठ गया और ब्लीडिंग हुई, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। मुंडे की रीढ की हड्डी टूटी हुई थी। वह 65 वर्ष के थे। मुंडे के निधन से देशभर में शोक की लहर है। मुंडे के पार्थिव शरीर को भाजपा के दफ्तर लाया गया है, जहां उसे अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। मुंडे का पार्थिव शरीर भाजपा दफ्तर लाए जाने के बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, अरूण जेटली, हर्षवर्धन, स्मृति ईरानी, मुरली मनोहर जोशी, विजय गोयल, सुषमा स्वराज, अनंत कुमार, राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडु समेत भाजपा के सभी दिग्गज नेता, दिल्ली भाजपा कार्यालय में मौजूद हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मुंडे का पार्थिव शरीर सेना के ट्रक से दिल्ली में भाजपा के अशोक रोड स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए लाया गया है।मुंडे के पार्थिव शरीर को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए पार्टी कार्यालय में रखा गया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगवालर को यहां भारतीय जनता पार्टी  के केंद्रीय कार्यालय में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे को श्रद्धांजलि दी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ पहुंचे गांधी ने हाथ जोड़कर मुंडे को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने मुंडे के पार्थिव शरीर के पास खड़े संसदीय मामलों के मंत्री एम. वेंकैया नायडू से भी कुछ देर बात की।  इसके बाद आज ही विशेष विमान से उनके पार्थिव शरीर को महाराष्ट्र ले जाया जाएगा, जहां बीड जिले में उनके पैतृक गांव परली में बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुंडे की गाडी को एक इंडिका कार ने टक्कर मार दी थी। यह हादसा दिल्ली एयरपोर्ट पर जाते वक्त हुआ था। दुर्घटना के बाद मुंडे को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया। एम्स के ट्रामा सेंटर के डॉक्टर अमित गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया मुंडे को सुबह छह बज कर 30 मिनट पर उनके निजी सहायक और चालक एम्स के जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के आपात चिकित्सा विभाग ले कर आए। डॉक्टर गुप्ता ने बताया मुंडे अपनी कार की पिछली सीट पर बैठे थे। उनकी कार को दूसरी कार या किसी अन्य वाहन ने सुबह छह बज कर करीब 20 मिनट पर उसी ओर टक्कर मारी, जिस ओर वह बैठे थे। उन्होंने बताया जब उनको ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, तब वह न तो श्वांस ले रहे थे न ही उनके शरीर में रक्तचाप, पल्स या हदय के ध़डकने आदि की गतिविधियां हो रही थीं। इसीलिए तत्काल उनके हदय को पुनर्जीवित करने के लिए कॉर्डियोपल्मोनरी रेससाइटेशन (सीपीआर) शुरू किया गया और 15 मिनट तक कोशिश जारी रखी गई। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मुंडे के दिल की ध़डकन वापस नहीं लाई जा सकी और 7 बज कर 20 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर गुप्ता ने बताया मुंडे को उच्च रक्तचाप और मधुमेह की समस्या थी, जिनके लिए वह दवाएं लेते थे। दुर्घटना में उनके शरीर पर कोई बाहरी ब़डी चोट नहीं लगी थी। हम कुछ नहीं कह सकते, लेकिन चिकित्सकीय तौर पर हम कह सकते हैं कि उनके दिल ने अचानक काम करना बंद कर दिया। मुंडे की पार्थिव देह को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में ले जाया गया है। फॉरेन्सिक विशेषज्ञों के प्रमुख ने पोस्टमार्टम के लिए एक बोर्ड गठित किया है। डॉक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल पाएगा। मुंडे के सचिव एस नायर ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को दुर्घटना के बाद जबरदस्त आघात लगा था और प्रतीत होता है कि उन्हें दिल का दौरा प़ड गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस ग़ाडी ने मुंडे की कार को टक्कर मारी थी, वह एक इंडिका कार थी, जिसने अरबिन्दो चौक पर यातायात सिग्नल का उल्लंघन किया। इसके बाद वह कार मारूति सुजुकी एसएक्स 4 से टकरा गई, जिसमें मुंडे पृथ्वीराज रोड से सफदरजंग रोड की ओर जा रहे थे।  उन्होंने बताया कि इंडिका तुगलक रोड की ओर जा रही थी जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास से करीब एक किमी दूर है। इंडिका ने मुंडे की कार को उस ओर टक्कर मारी, जिस ओर मुंडे बैठे थे। कार की टक्कर लगने के तत्काल बाद मुंडे सीट पर गिर प़डे। इंडिका कार के चालक को घटनास्थल से हिरासत में ले लिया गया और फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मुंडे की नाक पर कुछ मामूली खरोंचें आई थीं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद मुंडे ने पानी मांगा और अपने चालक से उन्हें अस्पताल ले जाने को कहा। प्रधानमंत्री ने कल रात मंत्रिपरिषद की एक बैठक बुलाई थी, जिसमें मुंडे भी शामिल हुए थे। आज जिस समय दुर्घटना हुई, उस समय वह काम से मुंबई जा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन पुत्रियां हैं। उनकी एक पुत्री महाराष्ट्र के बीड जिले की परली विधानसभा सीट से विधायक हैं। भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के बहनोई मुंडे महाराष्ट्र के एक पिछ़डे क्षेत्र के निर्धन परिवार से थे। भाजपा के दिवंगत नेता वसंतराव भागवत उन्हें राजनीति में ले कर आए। भागवत ने ही प्रमोद महाजन सहित कई अन्य नेताओं को भी तैयार किया था। मुंडे ने राज्य में आरपीआई, स्वाभिमानी शेतकरी पक्ष और राष्ट्रीय समाज पक्ष के साथ शिवसेना-भाजपा का गठबंधन कराने में अहम भूमिका निभाई थी। मुंडे अपनी शैक्षणिक योग्यताओं को लेकर हाल ही में विवाद में घिरे थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि जिस कालेज से उन्होंने वर्ष 1976 में स्त्रातक की डिग्री ली थी, उस कॉलेज की स्थापना 1978 में हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंडे के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा है कि वह अपने मित्र मुंडे के निधन से अत्यंत दुखी और स्तब्ध हैं।  मुंडे के सम्मान में दिल्ली, राज्य की राजधानियों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया। ग्रामीण विकास मंत्री की ग़ाडी के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलने के बाद सबसे पहले एम्स पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि मुंडे को पुनर्जीवित करने की डॉक्टरों ने हरसंभव कोशिश की। अस्पताल में मौजूद केंद्रीय राजमार्ग एवं भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुंडे का अंतिम संस्कार कल महाराष्ट्र के बीड में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।

English Summary: Dead body of Gopinath brought at BJP office
Khaskhabar.com Facebook Page:

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

Copyright © 2024 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved